
Deoghar: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को देवघर पहुंची। देवघर के मोहनपुर में प्लस टू विद्यालय में विश्राम करने के बाद सड़क मार्ग से होते हुए बाबा बैद्यनाथ मंदिर राहुल गांधी का काफिला पहुंचा।
यहां उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि विधान से पूजा-अर्चना की। उसके बाद टावर चौक से वीआईपी चौक तक राहुल की न्याय यात्रा निकली।

रोड शो करते हुए राहुल वीआईपी चौक पहुंचे। इस दौरान सैंकड़ो की संख्या में कॉंग्रेस कार्यकर्ता और आम लोगों की भीड़ ने राहुल का स्वागत किया। राहुल गांधी ने सभी का अभिवादन हाथ मिलाकर और हाथ जोड़कर स्वीकार किया। वीआईपी चौक पर राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवा एक अलग बीमारी से ग्रसित होते जा रहें है। उस बीमारी का नाम है बेरोजगारी। आज के युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। लेकिन वर्तमान सरकार को इससे कोई लेना देना नहीं है।
वहीं उन्होंने कार्यक्रम शुरुआत करते हुए कहा एक साल पहले हमने यात्रा की शुरुआत की, नफरत के माहौल में मोहब्बत की दुकान खोलने की। अन्याय के खिलाफ यह न्याय की यात्रा है। लोगों की मांग पर अब हमने फिर से दूसरी बार यात्रा की शुरुआत की है। नफरत के विचार धारा के ख़िलाफ़ मोहब्बत की यात्रा। आज देवघर मोहब्बत की दुकान लेकर आया हूँ।
उन्होंने आगे कहा कि देश के युवा सिर्फ़ रोज़गार चाहते हैं पर इस वर्तमान केंद्र सरकार ने इसे बीमारी बना दिया है। युवाओं के लिए कोई रोजगार नहीं है। वहीं राहुल गांधी ने अग्निवीर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने बेरोजगारी दूर करने के नाम पर अल्पकालिक रोजगार दिया और फिर उन्हें निकाल दिया। आज लगभग डेढ़ लाख युवा बेरोजगार हो गए।
राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान में सभी वर्गों के लोग रहते हैं पर आज तक किसी को यह नहीं मालूम कि देश में पिछड़े लोग कितने हैं?, आदिवासी कितने हैं, अल्पसंख्यक कितने है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आएगी तो जातीय जनगणना करवाएगी ताकि सभी वर्गों के लोगों को न्याय मिले। जाति जनगणना हिंदुस्तान का एक्स-रे का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि देश को जोड़ना और नफरत का बाजार बंद करना ही इस न्याय यात्रा का लक्ष्य है।
बताते चलें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा देवघर पहुंची। इस दौरान मोहनपुर टेन प्लस टू हाई स्कूल मैदान में कार्यकर्ताओं का जुटान हुआ। जहां उनके भोजन के साथ साथ वरीय नेताओं का प्रेस कॉंफ्रेंस का आयोजन किया गया था। वहीं कोंग्रेस के वरीय नेता सह महासचिव जय राम रमेश के अलावे प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक प्रदीप यादव, आलमगीर आलम, प्रदेश प्रभारी गुलाम मोहम्मद मीर, राजद नेता सुरेश पासवान आदि ने प्रेस को भी संबोधित किया। इधर, पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बाबा मंदिर पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ का विधिविधान से पूजा अर्चना किया। ततपश्चात राहुल गांधी मंदिर से निकलकर पैदल यात्रा करते हुए वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचे जहां उन्होंने एक महती सभा को सम्बोधित किया।


