
Deoghar: भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 21वें दिन यानी शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी देवघर पहुंच रहे हैं। यहां दोपहर 2:30 बजे राहुल गांधी देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर जायेंगे।

राहुल गांधी के बैद्यनाथ मंदिर जाने पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी को हिंदुत्व की रक्षा करने की सलाह देते हुए कहा है कि उन्हें राम मंदिर जाकर दर्शन करना चाहिए। निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर मुस्लिम तुष्टिकरण का भी आरोप लगाया है और उनसे हिंदुओं की रक्षा के लिए काम करने की अपील की है। दुबे ने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया, तो इस पूजा का कोई अर्थ नहीं है।

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए निशिकांत दुबे ने कहा, “राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान दो दिन मेरे लोकसभा क्षेत्र गोड्डा में हैं। मेरी जानकारी है कि कल वे बाबा मंदिर में दर्शन करने वाले हैं। मैंने वहां के सभी पुजारियों को कहा है कि आप इनका स्वागत करें और बाबा की चांदी की प्रतिकृति उन्हें भेंट करें। उनसे कहिए कि वे हिंदुत्व की रक्षा करें और राम मंदिर में दर्शन करें।”
बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 21 वें दिन यानी शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी देवघर पहुंच रहे हैं। गोड्डा और दुमका से जनसभा को संबोधित करने के बाद वो दोपहर में देवघर के मोहनपुर हाई स्कूल मैदान पहुंचेंगे। जहां भोजन के बाद राहुल दोपहर 2.30 बजे बैद्यनाथधाम मंदिर पहुंचेगे। बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना के बाद वे टावर चौक देवघर से वीर कुंवर सिंह चौक (VIP चौक) तक पदयात्रा करेंगे।


