
Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरोध में आदिवासी संगठनों ने गुरुवार (1 फरवरी) को झारखंड बंद का आह्वान किया है। आदिवासी मूलवासी संगठनों ने सोशल मीडिया पर इसका ऐलान किया है।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जमीन घोटाला से जुड़े मनी लाउंडिरंग केस में हेमंत सोरेन को बुधवार (31 जनवरी) की रात को गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही आदिवासी संगठनों ने बंद का ऐलान किया है।

उधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा है कि विभिन्न जन संवाद माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति के कारण 1 फरवरी 2024 को बंद बुलाया गया है। इसमें कहा गया है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बंद बुलाया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा इस खबर का खंडन करता है। साथ ही अपने नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील करता है।


