
Deoghar: जिले के रिखिया थाना क्षेत्र स्थित बंधा मोहल्ला रहने वाली 25 वर्षीय प्रीति कुमारी की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति मोहनपुर थाना क्षेत्र के खड़गडीहा निवासी विकास कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। बाद में आरोपित को कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले में दो अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपित सेना में चालक है। वर्तमान में वह सिंकदराबाद में नियुक्त है। घटना बुधवार की है। घटना को लेकर मृतका के मायके वालों ने दहेज की मांग को लेकर ससुरालवालों पर प्रताड़ित करने व पति पर जान मारने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। 2016 में प्रीति की शादी विकास के साथ हुई थी।

घटना के संबंध में मृतका का पुत्र ने बताया था कि घटना रात विकास अपने दो अन्य साथियों के साथ घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा। उसी दौरान पति ने पैर से उसका गला दबा दिया। बच्चे ने जब शोर मचाने का प्रयास किया तो उसे जान मारने की धमकी दी। धमकी की डर से वह सो गया। सुबह उसने घटना की जानकारी अपने मामा को फोन पर दिया।
सूचना पर जब मामा वहां पहुंचे तो प्रीति को मृत पाया। उसके गले में गहरा निशान भी था। घटना के विरोध में मायके वालों ने सड़क जाम कर आरोपित की गिरफ्तारी की मांग भी थी।


