
Cash For Query: पैसे लेकर सवाल पूछने के आरोप के मामले में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा पर सोमवार (27 नवंबर) को तंज कसा। निशिकांत दुबे ने बिना नाम लिए सवाल किया कि दुबई में स्थित होटल में ठहरने का पैसा कहां से आया।

सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, ”दुबई में होटल के रुकने का बिल 5500 डॉलर किसने जमा किया? पैसा भारत से चेक के माध्यम से गया? दुबई में हवाला से गया? मेल आई डी खरीदने वाले व्यापारी ने दिया? गोलमाल है रे भाई गोलमाल है।’

दरअसल, निशिकांत दुबे ने हाल ही में आरोप लगाया था कि मोइत्रा ने कारोबारी दर्शन हीरानंदानी से पैसे लेकर संसद में अडानी ग्रुप से जुड़े हुए सवाल किए हैं। मोइत्रा का संसदीय अकाउंट दुबई से एक्सेस किया गया था।
मामला क्या है?
निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि मोइत्रा ने दर्शन हीरानंदानी से पैसे और गिफ्ट लेकर अडानी ग्रुप के मामले में पीएम मोदी की छवि खराब करने की कोशिश की। निशिकांत दुबे के आरोप पर हीरानंदानी का एक एफिडेविट भी सामने आया था। इसमें वो मान रहे हैं कि उन्होंने मोइत्रा को पैसे और उपहार दिए हैं।
सीबीआई के पास गया मामला
सीबीआई ने हाल ही में प्रारंभिक जांच दर्ज की है। ये पता लगाने की दिशा में पहला कदम है कि क्या आरोप पूर्ण स्तरीय जांच के योग्य हैं। प्रारंभिक जांच के दौरान यदि पर्याप्त प्रथम दृष्टया सामग्री मिलती है तो सीबीआई इसे एफआईआर में बदल सकती है। इसको लेकर महुआ मोइत्रा ने शनिवार (25 नवंबर) को कहा कि सीबीआई ने आधिकारिक रूप से कुछ सामने नहीं रखा है।
इन आरोपों को खारिज करते हुए मोइत्रा ने कहा कि उन्हें अडानी ग्रुप के मामले पर सवाल करने के कारण निशाना बनाया जा रहा है।


