
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र में जलापूर्ति योजना को लेकर बिछाई जाने वाली पाइप की चोरी मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार होने वालों में धनबाद जिला के गाेविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपहाड़ी गांव निवासी विकास गोप, सूरज गोप, निरसा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी अब्दुल जब्बार अंसारी, गोविंदपुर निवासी गौरव कुमार वर्मन व जंगलपुर गांव के रहने वाले खालिद अनवर शामिल है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से एक सफेद रंग का स्कार्पियो भी बरामद किया है। बताया जाता है कि एमपीएस कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से नल जल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। कार्य स्थल के समीप बिछाने के लिए पाइप रखा हुआ था। अनुमान के मुताबिक लगभग 70-80 की संख्या में रखा गया पाइप की चोरी कर ली गई थी।
जिसके बाद कंपनी का मुंशी गोड्डा जिला के पौड़ेयाहाट थाना क्षेत्र के डांडे गांव निवासी विकास कुमार ने रिखिया थाना में घटना को लेकर मामला दर्ज कराया। मामला को गंभीरता से लेते हुए रिखिया थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त किया। जिस वाहन से पाइप चुराकर ले जाया गया था। इसके बाद वरीय पदाधिकारी द्वारा गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


