
Ranchi : आयकर विभाग की टीम ने देवघर के पूर्व मेयर बबलू खवाड़े सहित दर्जनभर लोगों के 34 ठिकानों पर सोमवार की सुबह छापा मारा। छापामारी के दायरे में शामिल लोगों का रियल इस्टेट, जमीन, बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन और होटल का व्यवसाय है। ये छापेमारी दूसरे दिन यानी मंगलवार को भी जारी है।

इसके अलावा मालवीय ग्रुप के सीए सुशील कुमार सुलतानिया के ठिकानों पर भी छापा पड़ा। सूत्र बताते हैं कि छापामारी में कोलकाता की शेल कंपनियों के सहारे काले धन के निवेश से संबंधित ब्योरा मिला है।

आयकर विभाग ने छापामारी चरुशिला ट्रस्ट की जमीन और फाइलेरिया कोठी की जमीन खरीद-बिक्री की सूचनाओं के आलोक में यह कार्रवाई की है। छापामारी के दौरान कच्चे लेन-देन से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। इसमें पांच करोड़ रुपये से अधिक की आमदनी छिपाने से संबंधित ब्योरा होने का अनुमान किया गया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि 20 लाख नकद राशि जब्त की गयी है। छापामारी के दौरान मिले बैंक खातों से संचालन पर रोक लगा दी गयी है।
आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुल 34 ठिकानों पर छापा मारा। छापा का केंद्र बिंदु देवघर जिला है । छापामारी के 34 ठिकानों में से 25 ठिकाने देवघर में ही हैं।
सोमवार को आयकर विभाग के अधिकारी देवघर में बबलू खवाड़े, संजय आनंद झा, उमाशंकर सिंह, ब्रजेश राय, नंदकिशोर दास, महेश मिश्रा, विनोद वर्मा, संजय मालवीय, सुरेशानंद झा के ठिकानों पर छापामारी की। आयकर अधिकारियों ने जमीन कारोबार से जुड़े मुकेश बजाज के गोड्डा और धनबाद के एक-एक ठिकानों के अलावा कोलकाता के सात ठिकानों पर छापामारी की। जो दूसरे दिन भी जारी है। छापामारी में रांची, धनबाद व पटना के आयकर अधिकारियों को शामिल किया गया है।
इनके ठिकानों पर छापेमारी
1. बबलू खवाड़े के घर व दो होटलों में।
2. संजयानंद झा के घर व पेट्रोल पंप पर।
3. उमाशंकर सिंह के घर पर।
4. बृजेश राय के दो घरों और अस्पताल में।
5. नंदकिशोर दास के घर पर।
6. महेश शर्मा के दो अपार्टमेंट में।
7. विनोद वर्मा के घर पर।
8. संजय मालवीय के घर और होटल में।
9. सुरेशानंद झा के घर पर।
10. एक रिटायर्ड दारोगा के घर पर।
11. सुशील सुल्तानिया के घर पर।
12. बालानंद आश्रम के कार्यालय में।
13. महेश मिश्रा के ठिकाने पर ।
14. बबलू झा के घर पर।
15. गोड्डा के मुकेश बजाज के तीन ठिकाने पर।
हालांकि, दूसरे दिन की छापेमारी को लेकर अब तक इनकम टैक्स के अधिकारी के द्वारा कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।


