
Deoghar: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह दुलिया टोला में अवैध बालू लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गयी। मृतक का नाम रोहित यादव है जो सारवां थाना इलाके के बधनी गांव का रहने वाला है। वहीं घटना के बाद पुलिस ने घटना स्थल से उक्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।

पुलिस को दिये बयान में मृतक के पिता अनूप यादव ने कहा है कि कुंडा थाना क्षेत्र के असहना निवासी मोहन राउत के ट्रेक्टर पर वह मजदूरी करने गया था। रोहित बालू भरे ट्रैक्टर के टेलर पर बैठा था और मोहन राउत वाहन चला रहा था। ट्रैक्टर को तेजगति एवं लापरवाही से मोहन राउत चला रहा था। उसी दौरान संतुलन खो जाने के कारण राहित ट्रेलर से नीचे गिर गया और ट्रैक्टर की चपेट में आकर बुरी तरह से जख्मी हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जुटे उपरांत पुलिस पहुंची और उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया जहां देखने के बाद ऑन डयूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।


