
Dumka : दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के मड़गामा में बीते दिनों भैंस को धक्का लग जाने पर 16 वर्षीय किशोर आनंद लाल सोरेन की ग्रामीणों द्वारा पिट पिट कर की गई हत्या का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। खासतौर पर बीती शाम जब स्थानीय विधायक प्रदीप यादव मृतक के गांव कुरमाहाट पहुंचे। जिसके बाद सोशल मीडिया पर स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे और पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मराण्डी ने सूबे की हेमंत सरकार और राज्य की पुलिस को आड़े हाथों लिया।

दरअसल, मृतक आनंद लाल सोरेन जिसकी हत्या हुई वह कुरमाहाट गांव सरैयाहाट प्रखंड में पड़ता है जो पौड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव का विधानसभा क्षेत्र है। विधायक प्रदीप यादव बुधवार की शाम उक्त गांव पहुंचे। इस मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय मुखिया भी मौजूद थे । लोगों ने न्याय की मांग की तो उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बातचीत की है। सीएम ने मिलने के लिए 30 अक्टूबर का समय भी दिया है । प्रदीप यादव ने कहा कि मृतक के परिजनों को तत्काल सरकार 10 लाख रुपए का मुआवजा दे और इसमें जो भी दोषी है तत्काल उसकी गिरफ्तारी की जाए ।
सांसद निशिकांत ने किया ट्वीट

विधायक प्रदीप यादव के कुरमाहाट गांव पहुंचने के बाद आज गोड्डा लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने एक वीडियो ट्वीट कर लिखा है कि मुख्यमंत्री जी दुमका के सरैयाहाट में आदिवासी युवक को पीट-पीटकर INC INDIA समर्थित गुंडे मार देते हैं , कांग्रेस का सिटी विधायक गुंडे के बचाव के लिए जाते हैं , महिला और बच्चे उत्तेजित होकर उनको पीटने जाते हैं , झारखंड पुलिस क्या कर रही है?
बाबूलाल ने भी ट्वीट कर हेमंत सोरेन को आड़े हाथों लिया
इधर पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट किया है कि दुमका के हंसडीहा में एक आदिवासी युवक की लाठी से पीट कर मॉब लिंचिंग की घटना से मन व्यथित है । झूठ बोलने की आदत से मजबूर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कहते हैं कि उनके शासन में मॉब लिंचिंग की झारखंड में एक भी घटना नहीं हुई है । जबकि उनके जिले में ही आदिवासी युवक की सरेराह हत्या कर दी गई है । हेमंत जी सिर्फ अपने घोटालों को छुपाने के लिए आदिवासी समाज को ढाल मत बनाइए । उनकी सुरक्षा करिए अपनी जिम्मेदारियां को समझिए । झारखंड पुलिस घटना में संलिप दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करें । पीड़ित परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराये ।
विधायक प्रदीप यादव ने निशिकांत दुबे के ट्वीट को बताया गलत
विधायक प्रदीप यादव ने निशिकांत दुबे के इस संबंध में किये गए ट्वीट को गलत बताया है । उनका कहना है कि मैं जब गांव गया तो लोग मेरे पास आकर इस घटना के प्रति रोष जताते हुए न्याय दिलाने की मांग की । जिस जगह बातचीत हो रही थी वह जगह काफी संकरा था तो मैं दूसरी जगह जा रहा था जहां लोग मेरे पीछे-पीछे आ रहे थे । विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि लोगों का घटना के प्रति गुस्सा और आक्रोश जायज है क्योंकि युवक की हत्या हुई है । मैं इसे स्वाभाविक प्रतिक्रिया मानता हूं पर कहीं से भी मुझे टारगेट नहीं किया जा रहा था ।
क्या है पूरा मामला
दरअसल तीन दिन पहले दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के मड़गामा गांव में आयोजित फुटबॉल मैच देखने के बाद
एक बाईक पर सवार होकर तीन युवक अपने घर कुरमाहाट ( संथाली टोला ) जा रहे थे । विपरीत दिशा से भैंसों का झुंड आ रहा था । बाईक चला रहे आनंद लाल सोरेन ने एक भैंस को धक्का मार दिया जिसके बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए । लोगों ने बाईक चालक आनंद लाल सोरेन और उसके दोनों मित्र रामेश्वर बेसरा और सुकेन्द्र मरांडी के साथ मारपीट करने लगे । रामेश्वर और सुकेन्द्र तो भाग खड़ा हुआ पर मौजूद लोगों ने आनंद लाल सोरेन को लाठी डंडे से पीटा जिसमें उसकी स्थिति गंभीर हो गई । कुछ लोगों ने सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया , जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था ।
वहीं, 16 वर्षीय किशोर आनंद लाल सोरेन की हत्या के मामले में तीन नामज़द तीन आरोपियों में एक डहरू यादव ने कल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था । पुलिस का कहना है कि अन्य जो आरोपी हैं उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा ।



