
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना की पुलिस ने अवैध तरीके से बालू का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर को पकड़ा है। दोनों ट्रैक्टरों को थाना लाया गया। अवैध उठाव व परिवहन की कार्रवाई को लेकर पुलिस ने जिला खनन पदाधिकारी को सूचना दे दिया है।

बताया जाता है कि कुंडा थाना की पुलिस गश्ती में थी। उसी दौरान कुंडा मोड़ के समीप बालू लाेड कर परिवहन कर रहे ट्रैक्टर को जांच के लिए रोका गया। बालू उठाव से संबंधित किसी तरह का दस्तावेज नहीं होने की वजह से दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया।

वहीं, बुढ़ई थाना की पुलिस ने गिट्टी का परिवहन कर रहे दो हाइवा को पकड़ा है। पकड़े गए दोनों हाइवा चालकों से गिट्टी का परिवहन करने से संबंधित दस्तावेज मांगी गई लेकिन मौके पर उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद दोनों हाइवा को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को इसकी सूचना दे दी है। वहीं जांच के क्रम में एक ट्रक को रोका गया। जांच के दौरान गिट्टी परिवहन से संबंधित दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराया गया लेकिन ट्रक का निबंधन नहीं होने के कारण उसे जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने जिला परिवहन पदाधिकारी को आगे की कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया है।


