Deoghar: देवघर जिले के सारठ बाउरी टोला में फ़ास्ट फ़ूड खाने से 60 लोग बीमार पड़ गये। इनमें बच्चे और महिलाएं व वृद्ध भी शामिल हैं। बीमार बच्चों को आनन-फानन में इलाज के लिए सारठ सीएचसी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक डॉ सोनू आनंद, डॉ जितेंद्र कुमार, स्वास्थ्य कर्मी ने सभी को भर्ती कर प्राथमिक उपचार किया। घटना गुरुवार देर रात की है। बताया जा रहा कि सभी मनसा पूजा पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आये थे।
मनसा पूजा पर खोरठा गायक सतीश का था कार्यक्रम
दरअसल, सारठ बाउरी टोला में मनसा पूजा को लेकर गुरुवार की रात खोरठा गायक सतीश का प्रोग्राम आयोजित था। इस दौरान फास्ट फूड की दुकानें भी लगायी गयी थीं। इनमें से एक दुकान में चाट और चाउमीन खाने के कुछ देर बाद बच्चे बीमार हो गये, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही सारठ थाना प्रभारी शैलेश कुमार, एएसआई विशंभर विश्वकर्मा सीएचसी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। देर रात जानकारी मिलने पर विधायक रणधीर सिंह व पूर्व विधायक चुन्ना सिंह भी सीएचसी पहुंचे और बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया।
डॉक्टर सोनू आनंद ने कहा कि फूड प्वाइजनिंग का मामला है। सभी का इलाज किया जा रहा है।