
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के खोरीपानन बाईपास सड़क पर कोइरीडीह के पास बोलेरो सवार अपराधियों ने एक ट्रक लूट का अंजाम दिया है। चालक को बंधक बनाकर अपराधी ट्रक को लेकर भाग गए। घटना शनिवार रात 9 बजे के आसपास की बताई जाती है।

इसे लेकर ट्रक चालक जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के कठबजरा निवासी महेंद्र यादव ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर शिकायत किया है। बताया जाता है कि चालक मकई लोड कर बेगूसराय से बंगाल जा रहा था। चालक ट्रक लेकर जैसे ही खोरीपानन बायपास में निकला उसी दौरान बोलेरो पर सवार चार अपराधियों ने ओवरटेक कर कोइरीडीह के पास ट्रक को हाईजैक कर लिया।

चालक को बंधक बनाकर बोलेरो के पिछले सीट पर बैठा लिया और बोलेरो पर सवार एक अपराधी ट्रक को लेकर भाग निकला। चालक को बोलेरो मैं रात भर अपराधी घुमाते रहे। रविवार की सुबह 5:00 बजे के आसपास अपराधी सारवां थाना इलाके में ट्रक चालक को बोलेरो से उतार कर फरार हो गए।
उपरांत ट्रक चालक रविवार को जसीडीह थाना पहुंचा और अपनी शिकायत दी। इधर जसीडीह पुलिस आवेदन लेकर मामले की जांच में जुट गई है।


