
Deoghar: हंसडीहा डेयरी एवं टेक्नोलाजी कालेज में नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम ठगी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पीड़ित न्यू महावीर कालोनी निवासी सदानंद शर्मा ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराया है।

पीड़ित का कहना है कि उनकी जान पहचान विलियम्स टाउन मोहल्ला निवासी धीरज कुमार से हुई थी। उस दौरान उसने अपनी जान-पहचान व पैरवी बिरसा मुंडा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में होने की बात कही। उसने बताया कि हंसडीहा-दुमका डेयरी टेक्नोलाजी कालेज व गोड्डा एग्रीकल्चर कालेज में वैकेंसी है। नौकरी दिलाने के एवज में उसने प्रत्येक व्यक्ति से दो-दो लाख रुपये की डिमांड की। नौकरी के लिए इच्छुक लोगों ने मिलकर उसके खाते में 7,75,700 रुपये जमा करा दिया। साथ ही उसे 10 लाख रुपये नकद भी दिया। इसके बाद उसने हंसडीहा डेयरी एवं टेक्नोलाजी कालेज के लिए एडमिट कार्ड बनाकर सभी लोगों को दे दिया। बाद में पता चला कि एडमिट कार्ड फर्जी है।

ठगे जाने का एहसास होने पर आरोपित युवक से सभी पीड़ित ने जब पैसे वापस कर देने की मांग की तो वह तरह-तरह का बहाना बनाने लगा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


