
Ranchi: कार्मिक विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। जिसमें एक देवघर के सीओ और दूसरे जामताड़ा के तत्कालीन सीओ शामिल हैं।

विभाग ने देवघर सदर के अंचलाधिकारी मोतीलाल हेंब्रम को एक वेतनवृद्धि पर रोक का दंड दिया है। श्री हेंब्रम पर राजस्व संबंधी कार्यों में अनियमितता बरतने व 90 दिनों से अधिक समय से लंबित 10 दाखिल-खारिज मामलों को लंबित करने का आरोप है। उनके स्पष्टीकरण की समीक्षा करने के बाद विभाग द्वारा दंडित किया गया है।

वहीं, जामताड़ा सदर के तत्कालीन सीओ नंद किशोर गुप्ता को वृद्धा पेंशन का भुगतान नहीं करने, पेंशन व निशक्त प्रोत्साहन योजना के आवेदनों को स्वार्थी हित में लंबित रखने, नामांतरण आवेदन पत्र के संधारण में अनियमितता बरतने व नियमविरुद्ध बकास्त भूमि का नामांतरण करने का आरोप है। कार्मिक विभाग ने उनको तीन वेतनवृद्धि पर रोक लगाने का दंड दिया है।


