
Deoghar: झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को देवघर विधायक नारायण दास से उनके कोयरीडीह स्थित आवास पर मिला।

प्रतिनिधिमंडल ने देवघर जिले के स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग के तहत नियुक्त कर्मचारियों के पारिश्रमिक भुगतान में लाखों रुपये की हेराफेरी की बात करते हुए सहयोग का अनुरोध किया गया। इस पर विधायक ने सिविल सर्जन देवघर को फोन कर इस मामले पर सही कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

संघ के जिलाध्यक्ष ने बताया कि देवघर जिले में स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग के तहत नियुक्त कर्मचारियों के पारिश्रमिक भुगतान में प्रतिमाह करीब 35 लाख रुपये की हेराफेरी की गई है। इस संबंध में संगठन ने मुख्यमंत्री को साक्ष्य उपलब्ध कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को दिए गए पत्र की साक्ष्यांकित प्रति विधायक को देते हुए सहयोग की अपील की गई है। इस मुद्दे पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जसीडीह के पास एक बैठक कर आगे की रणनीति तय की गई।


