Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया स्कूल के पास श्रावणी मेला को लेकर बनाए गए अस्थाई टीओपी 12 पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान अवैध देशी पिस्टल के साथ बाइक सवार दो बदमाश को दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों में हर्ष कुमार सिन्हा और पवन कुमार यादव के नाम शामिल हैं जो कुंडा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जाते हैं।

दोनों का पुराना अपराधिक इतिहास भी रहा है जिसकी जांच पुलिस कर रही है। बताते चलें कि टीओपी नंबर 12 क्षेत्र गुमला डीएसपी प्रदीप कुमार और स्पेशल ब्रांच के इंस्पेक्टर दिनेश कुमार महली के नेतृत्व में एसपी के निर्देश पर एंटी क्राइम चेकिंग चलाया जा रहा था।

एक बाइक पर सवार दोनों को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान एक देसी पिस्टल और मोबाइल एवं कुछ रुपए बरामद किए गए हैं। टीओपी पुलिस के द्वारा इसकी जानकारी नगर थाना को दी गई।
सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह एवं एसआई अविनाश गौतम सदल बल ओपी पहुंचे और दोनों अपराधियों को हिरासत में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक नगर पुलिस दोनों से पूछताछ करने में जुटी थी।



