Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बेलाबागान की रहने वाली एक महिला पुलिसकर्मी ने सोमवार को विषपान कर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। महिला को गंभीर अवस्था में पुलिसकर्मियों ने सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था। महिला का नाम 30 वर्षीय रेखा देवी पति अभिमन्यु सिंह है जो हजारीबाग जिला के दारु थाना क्षेत्र के पेटो गांव की रहने वाली है। वर्तमान में वह देवघर जिला पुलिस में तैनात है।
पुलिस को दिए बयान में रेखा देवी ने कहा है कि वर्ष 2006 में वह पुलिस में चतरा जिला में बहाल हुई थी। उस वक्त उसे बुनियादी प्रशिक्षण के लिए जमशेदपुर जैप में भेजा गया था। उसी दौरान सिमडेगा जिला से अभिमन्यु सिंह भी ट्रेनिंग के लिए वहां पहुंचा था। ट्रेनिंग के दौरान ही दोनों में संपर्क हुआ। उस वक्त अभिमन्यु ने उसे अपने आपको कुंवारा बताया था। प्रशिक्षण के क्रम में ही दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ गया और अभिमन्यु ने अपने आपको कुंवारा बताते हुए शादी का प्रस्ताव रखा था।
कहा है कि उस वक्त उसके पिता तेनुघाट में जॉब करते थे। अपने पिता के समक्ष सारी बात को रखा। वर्ष 2009 में मंदिर में हिन्दू रीतिरिवाज से दोनों की शादी करा दी गई उपरांत कोर्ट मैरिज भी किया। शादी के कुछ दिन बाद उसे पता चला कि अभिमन्यु पूर्व से शादीशुदा है और धोखे में रखकर उससे शादी की है। कहा है कि सब कुछ बर्दाश्त करते हुए वह अपनी ड्यूटी करती रही और अभिमन्यु के साथ रहने लगी । 5 साल पूर्व दोनों का तबादला देवघर जिला बल में हो गया। इसी बीच उसने एक लड़के को भी जन्म दिया। कहा है कि पति ने डाबर ग्राम स्थित गायत्री नगर में जमीन लेकर मकान भी बनाया। उक्त मकान को बनाने में उसने भी काफी सहयोग किया क्योंकि उसे लगा था कि वह भी पति के साथ मकान में रहेगी। लेकिन उस मकान में पहली पत्नी और बच्चे के साथ रहने लगे और उसे नजरअंदाज करने लगा। उपरांत वह अपने बच्चे के साथ बेलाबागान में रहने लगी।
कहा है कि वह अवकाश पर अपने मायके गई थी। उसे पता चला कि पति मोटरसाइकिल से गिर कर अपना पैर तोड़ लिया है। उसने पति के हाल-चाल जानने के लिए कई बार फोन किया लेकिन उसके फोन का कोई जवाब नहीं मिला। 12 जून को वह दोपहर 2:00 बजे पति से मिलने डावर ग्राम स्थित घर पर गई थी। जैसे ही वह घर के दरवाजे पर पहुंची पहली पत्नी स्वीटी सिंह गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगी। पति अभिमन्यु भी गाली गलौज करने लगा। इसी को लेकर आवेश में आकर उसने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया और इसकी जानकारी पुलिस लाइन में रहने वाले यूनियन के नेता को दिया।
उपरांत वह लोग पहुंचे और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। इधर बयान लेने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।