
Deoghar: देवघर नगर थाना स्थित पंजाब नेशनल बैंक के गार्ड के साथ हुए हाथापाई मामले का वीडियो वायरल होने के बाद तीन जनवरी को दुमका डीआईजी ने नगर थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रतन कुमार सिंह को निलंबित कर दिया था। अब इंस्पेक्टर सह तत्कालीन नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को डीजीपी ने निलंबनमुक्त कर दिया है।

इस संबंध में शुक्रवार को डीजीपी द्वारा आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही रतन कुमार सिंह का ट्रांसफर गढ़वा कर दिया गया है। वहीं उनके उपर चल रहे प्रोसिडिंग पर अब अंतिम निर्णय कोलहान के डीआइजी अजय लिंडा लेंगे। पहले ये मामला संताल परगना के डीआइजी के अंडर में था।

बताया जाता है कि पुलिस एसोसिएशन की केन्द्रीय कमेटी के सदस्यों ने डीजीपी से मिलकर मामले को उनके समक्ष रखा था। वहीं मामले में न्याय दिलाने की मांग की थी। निलंबनमुक्त करने के साथ ही उनके तबादला की भी मांग की गई थी। बताया जाता है कि डीजीपी ने सभी तथ्यों पर गौर करने के बाद अपना निर्णय लिया है।
जानकारी हो कि दो जनवरी को बैंक जांच के क्रम में गार्ड के साथ हाथापाई किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद संताल परगना डीआइजी ने रतन कुमार सिंह को तीन जनवरी को निलंबित कर दिया था। निलंबन के करीब पांच माह बाद रतन कुमार सिंह निलंबनमुक्त हुए हैं। इस घटना को लेकर उनके खिलाफ विभागीय प्रोसिडिंग अभी चल रहा है।


