Deoghar: देवघर जिला के सारवां थाना स्थित डहुआ पंचायत के ठाढ़ी गांव निवासी 25 वर्षीय महिला अनीता देवी का प्रसव के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक अनिता देवी को प्रसव के लिए सारवां सीएचसी में भर्ती करवाया गया था। उक्त महिला ने एक बच्ची को जन्म भी दिया। लेकिन सीएचसी में समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं रहने के कारण प्रसव के करीब एक घंटे के बाद उक्त महिला की स्थिति अचानक बिगड़ गई। तभी आनन फानन में अनिता देवी को एंबुलेंस से देवघर रेफर कर दिया गया।
वहीं देवघर जाने के क्रम में कुंडा के समीप महिला की हालत काफी नाजुक हो गई। मरीज को तत्काल निजी क्लीनिक ले जाया गया। जहां चिकित्सक द्वारा महिला को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं उनके मौत के बाद उसी एंबुलेंस से उन्हें ठाढ़ी गांव पहुंचा दिया गया।
घटना को लेकर मृतक के परिजन समेत गांव के लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त था। सभी लोग एक स्वर में डाॅक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगा रहे थे।
मामले को लेकर सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डाॅक्टर बीके सिन्हा ने बताया कि प्रसव पीड़ा के उपरांत महिला अनीता देवी को सीएचसी लाया गया था। उस वक्त बच्चा मुंह पर आ गया था। डिलीवरी करा दिये।डिलिवरी के बाद महिला ने चाय पानी भी पिया। लेकिन एक डेढ़ घंटा के बाद उसका दम फुलने लगा। हीमोग्लोबिन काफी कम था। इसीलिए स्थिति बिगड़ते देख कर उसे तुरंत रेफर कर दिया गया।