Deoghar: देवघर-जसीडीह रेल लाइन स्थित पुरनदहा रेलवे फाटक के पास अपने दो बच्चे के साथ एक महिला आत्महत्या करने जा रही थी। इसी बीच गेटमैन जगदीश शाह की नजर उस पर पड़ी। दौड़कर उन्होंने महिला और बच्चे को रेलवे ट्रैक पर से खींचकर बाहर निकाला। उपरांत गेट मैन ने इसकी जानकारी आसपास के लोंगो को दिया।
आसपास के लोग जुटे मामले की जानकारी नगर थाना प्रभारी कुमार अभिषेक को दिया गया। थाना प्रभारी ने पीसीआर पेट्रोलिंग पार्टी को भेजकर महिला और उसके बच्चे को थाना मंगवाया। घटना बुधवार सुबह 9:30 बजे के आसपास की बताई जाती है। जब देवघर से जसीडीह के लिए लोकल ट्रेन खुलने वाली थी।
जान देने आई महिला का नाम बिंदु देवी पति संजय यादव है जो दुमका के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के रोशनीया गांव की रहने वाली है। महिला का मायके जमुई जिला के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के बसबुटिया माधोपुर गावं में है। महिला ने बताया कि उसका पति संजय यादव हमेशा उसके साथ मारपीट करते रहता है। दोनों बच्चे का खाने और पढ़ने का खर्च भी नहीं देता है। जबकि पति पिकअप वैन चलाने का काम करता है। कहा कि पति के प्रताड़ना से तंग आकर वह आत्महत्या करने पहुंची थी।
गेटमैन जगदीश शाह ने बताया कि महिला दोनों बच्चे को पल्लू में बांधकर रेलवे ट्रैक पर सोना चाह रही थी। उसी दौरान उसका एक बच्चा दौड़कर उसे पकड़ लिया और कहा कि वह ट्रैक पर नहीं सोना चाह रहा है लेकिन मां उसे जबरन साथ में पटरी पर सोने बोल रही है। गेटमैन दौड़कर ट्रैक पर गया और महिला को खींचकर बाहर किया।
गौरतलब है कि अगर वहां गेट मैन नहीं होता तो कोई बड़ी घटना घट सकती थी। नगर पुलिस महिला से परिवार के बारे में पूछताछ करने में जुटी है।