Ranchi: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का रविवार को एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मंत्री बन्ना गुप्ता एक महिला के साथ अश्लील बात कर रहे हैं। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि एन सेवन इंडिया नहीं करता है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रविवार रात इस संबंध में बताया कि आज सोशल मीडिया में मेरी छवि को धूमिल करने और राजनीतिक विद्वेष भावना के साथ राज्य के कुछ प्रमुख राजनीतिक विरोधियों ने एक सोची समझी साजिश के तहत, एक फेक और एडिट वीडियो को जानबूझ कर वायरल किया है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि फोटो शॉप या अन्य किसी एडिटिंग एप्प के माध्यम से यह कुकृत्य किया गया है। इसके विरुद्ध मैंने एफआईआर करवा दी है, जल्द ही इस मामले में पुलिस जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा, जिन लोगों ने इस फर्जी और एडिटेड वीडियो के माध्यम से मुझे फंसाने का कार्य किया है उन सभी के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाई करूंगा।
भाजपा सांसद निशिकांत ने कहा- यह है कांग्रेस का चरित्र
दूसरी ओर गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने 21 सेकंड के वायरल वीडियो को ट्वीट कर कहा कि यह कांग्रेस का चरित्र है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का यह तथाकथित माजरा है। महिलाओं की इज्जत से खेलना, कांग्रेस कार्यकर्ता सुशील शर्मा का अपनी पत्नी को तंदूर में जलाना, काश गांधी परिवार समझ पाता। यदि यह सही है तो कांग्रेस के लिए डूब मरने वाली बात है।
सांसद निशिकांत ने अपने ट्विटर पर 21 सेकंड की वीडियो क्लिप पोस्ट की है जिसमें राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और एक महिला की आवाज है।