
Deoghar: देवघर एम्स परिसर के निर्माणाधीन बी ब्लॉक बिल्डिंग के पास गुरुवार को भीषण आग लग गई। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालाँकि, आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी तरह की कोई जान-माल की क्षति नहीं हुई है। लेकिन देवघर एम्स में आग लगने की घटना पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने संज्ञान लिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने जांच के दिए आदेश

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने देवघर एम्स में आग लगने की जानकारी मिलने पर मामले का संज्ञान लिया है। मंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एम्स डायरेक्टर से फोन पर बात कर हादसे की जानकारी ली। डायरेक्टर ने स्थिति नियंत्रण में बताया है।

इधर, देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री के मुताबिक आज अहले सुबह लगभग 10:30 बजे देवघर एम्स में आग लगने की सूचना मिलते ही इस पर त्वरित कार्रवाई हुई। फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा मौके पर पहुँच आग पर काबू पा लिया गया है। साथ ही किसी भी तरह की जानमाल की क्षति नहीं हुई। शुरूआती जांच में पाया गया आग वेल्डिंग के दौरान वेस्ट मैटेरियल में लगी थी, जिसे पूर्ण रूप से फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा बुझाते हुए आग पर काबू पा लिया गया।



