
Deoghar: साल 2024 में देश में लोकसभा का चुनाव होना है। इसी साल 2024 में झारखंड विधानसभा का भी चुनाव होगा। ऐसे में कोशिश हो रही है कि लोकसभा और झारखंड विधानसभा का चुनाव एक साथ हो। ये बातें झारखंड के गोड्डा लोकसभा से बीजेपी सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कही है।

देवघर स्थित अपने आवास शिवधाम में मीडिया से बात करते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रयास है कि लोकसभा चुनाव के साथ ही झारखंड विधानसभा का भी चुनाव हो। ऐसे में हेमंत सरकार का जो टोटल समय बचा है वो आठ माह का है।

उन्होंने बताया कि आठ माह के बाद यहां झारखंड में आचार संहिता लागू हो जाएगी। उसके बाद चुनाव होगा।
डॉ. दुबे ने ये बातें सोमवार को उस वक़्त कही जब वो 11 अप्रैल को होने वाले झारखंड की हेमंत सरकार के नीतियो के खिलाफ भाजपा के सचिवालय घेराव कार्यक्रम की जानकारी मीडिया को दे रहे थे।
जानकारी हो कि साल 2019 में अप्रैल- मई माह में देश मे लोकसभा चुनाव हुआ था। जबकि साल 2019 में ही नवंबर-दिसम्बर माह में झारखंड राज्य में विधानसभा चुनाव आयोजित हुआ था। ऐसे में 5 साल पूरा होने पर दोनों चुनाव साल 2024 में आयोजित होने हैं।


