
Deoghar: सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की मौत सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में हो गयी। मृतक का नाम चंदन कुमार यादव है जो दुमका जिला के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बाघमारा गांव का रहने वाला है। मौत की सूचना पर बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।

पुलिस को दिये बयान में मृतक की मां बिमली देवी ने कहा है कि 20 मार्च को गांव के ग्रामीण चिकित्सक दर्शन यादव चंदन को अपने बाइक से यह कह कर साथ में ले गया चलो बरहेट में स्लाइन करने जाना है कुछ देर में लौट जायेगा। अपने साथ बेटे को लेकर चला गया। काफी देर तक जब नहीं लौटा तो फोन किये तो बोला आधा घंटा में वापस आ जायेगें।

रात को 10 बजे के आसपास चेन्नई में रह रहे उसके बड़े बेटे ने फोन पर बताया कि चंदन और दर्शन सड़क दुर्घटना में भुरकुड़िया काली मशान के पास घायल हो गया है। दोनों को इलाज के लिये सरैयाहाट भेजा गया है। कहा है कि तुरंत सभी लोग सरैयाहट स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां चदंन को ऑक्सिजन लगा हुआ था। वहीं दशर्न यादव इलाज कराकर वहां से फरार हो गया था।
कुछ देर बाद सरैयाहाट से उसे बेहतर इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी।


