spot_img
spot_img

Udaan-3: Deoghar की सड़कों पर एक साथ दौड़े हजारों लोग, देवघर रनाथॉन का दिखा अद्भुत नजारा  

Deoghar: रोटरी क्लब देवघर और इनर व्हील क्लब देवघर द्वारा आयोजित और सांसद निशिकांत दुबे द्वारा इम्पावर्ड देवघर रनाथॉन का अभूतपूर्व सफल आयोजन सोमवार की सुबह सम्पन्न हुआ। आज सुबह 6.45 बजे रामकृष्ण मिशन से सांसद डॉ. निशिकांत दुबे और उनकी पत्नी अन्नु कांत दुबे ने पहले पुरुषों और उसके बाद महिलाओं के रनाथन (मैराथन दौड़) को हरी झंडी दिखा कर फायर ब्लास्ट के साथ रवाना किया।

इस अवसर पर उनके साथ एम्स देवघर के निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय, देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर संदीप ढींगरा, एसबीआई के डीजीएम बी आर आचार्य, रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ के प्राचार्य स्वामी दिव्यसुधानंद जी महाराज और डालमिया सीमेंट के झारखण्ड सेल्स हेड समीर एरिक लॉरेंस विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

डालमिया सीमेंट उड़ान-3 कार्यक्रम के टाइटल प्रायोजक थे। पिछली रात लगातार बारिश के बावजूद आज दोनों वर्गों में लगभग 7 हजार से ज्यादा धावक देवघर रनाथन में दौड़े। सभी प्रतिभागी जब आकर्षक टीशर्ट में देवघर की सड़कों पर दौड़े तो एक खुशनुमा माहौल और अद्भुत नजारा देखने को मिला।

पूर्वी क्षेत्रीय संस्कृति केन्द्र (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) के कलाकारों ने तो मैराथन मार्ग में 20 स्थानों पर लोक संस्कृति और नृत्य प्रस्तुत कर देवघर को महोत्सव के रंगों में रंग दिया और विश्वगुरू भारत और जी-20 की चमक बिखरती दिखी। आरंभिक स्थल रामकृष्ण मिशन में कोलकाता से आए कलाकार और स्थानीय डॉल्फिन डांस एकडेमी और मीरा-डी के कलाकारों ने जुम्बा डांस और अन्य वार्मअप नृत्यों से दौड़ शुरू होने से पूर्व आयोजन स्थल पर सभी प्रतिभागियों को उत्साहित बनाए हुए थे। देवघर के लोगों और विभिन्न संस्थाओं ने 20 से भी ज्यादा स्थानों पर उत्साहित अंदाज में धावकों को पानी, जूस, च्विंगम, बिस्कुट आदि देकर उनका हौसला अफजाई कर रहे थे। जब लोगों ने सड़कों पर दौड़ना शुरू किया तो पूरा देवघर शहर महोत्सव मानता नजर आया।

पुरुष वर्ग के दौड़ में प्रथम 12 स्थानों पर आए धावकों ने लगभग 30 से 40 मिनट के अंदर 10.5 किमी की दौड़ पूरी कर ली। रनाथन के परिणाम से इस दौड़ का राष्ट्रीय स्वरूप नजर आया क्योंकि उस मैराथन में 4 राज्यों के प्रतिभागी दौड़े। पुरुष वर्ग के परिणाम इस प्रकार रहे –

पहले स्थान पर आए अनुपम महतो, खड़गपुर (प. बंगाल) ने प्रथम पुरस्कार 20 हजार रुपये और आकर्षक ट्रॉफी प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर गिरिडीह के पवन कुमार सिंह ने 15 हजार रुपए जबकि तीसरे स्थान पर बैरकपुर (प. बंगाल) के ऋषिकेश चक्रबर्ती ने 10 हजार रुपए और आकर्षक ट्रॉफी प्राप्त किया। वहीं 7 अन्य को 5-5 हजार रुपए का पुरस्कार और ट्रॉफी मिला जिनके नाम हैं – दीपक कुमार महतो, हजारीबाग, टिंकू कुमार आर्यन, जमुई, संतोष कुमार, जामताड़ा, सुलभ चन्द्र, बलिया (यूपी), जानकी कुमार साह, देवघर और श्यामदेव चोरें, गोड्डा।

दूसरी ओर महिला वर्ग की विजेता धावकों ने 5.5 किमी की दूरी 25 से 40 मिनट में पूरी कर ली। महिला वर्ग में प्रथम – संघमित्रा मेहता, गिरिडीह, द्वितीय – श्यामली सिंह, रानीगंज, तृतीय – मनाली सिंह, करौं, देवघर रहे। जबकि 7 अन्य विजेता रहे क्रमशः नेहा यादव, बलिया (यूपी), अनिता दास, मैथन, आशा कुमारी, चतरा, स्नेहा यादव, बलिया (यूपी), सवीना खातुन, कोलकाता, एकता गुप्ता, रानीगंज और ज्योति राजभर, बलिया (यूपी)।

आज की रनाथन में भाग ले रहे प्रथम 10 प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि निशिकांत दुबे और उनकी पत्नी अन्नु कांत दुबे तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों ने पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान किया जबकि आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट प्रदान किया। पुरस्कार वितरण समारोह से पूर्व इज़ेडसीसी के बंगाल, बिहार, असम, उड़ीसा और झारखण्ड के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक एडवेंचर कलाओं से सबका मन मोह लिया, दर्शक उनकी अद्भुत और साहसिक कलाओं को देख दांतों तले अंगुली दबाते दिखे।

कार्यक्रम के अंत में विशेष सहयोग के लिए डालमिया सीमेंट, आर के मिशन, एसबीआई को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में टीम लीडर सारिका साह, आनंद साह, पीयूष जायसवाल, शेषाद्रि दुबे के साथ रोटरी क्लब देवघर के अध्यक्ष मनीष धानुका और क्लब के सभी सदस्य, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और उनके सभी सदस्य, युवा मोर्चा के अभय आनंद झा और उनकी टीम, संप चैम्बर के अध्यक्ष आलोक मल्लिक, हरिकिशोर सिंह, देवता पांडेय, पिंटू तिवारी, बीरेन्द्र कुमार सिंह और उनके जी ग्रुप के सदस्य, बिपिन मिश्रा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Hot Topics

Related Articles

Don`t copy text!