DEOGHAR: सिर्फ देवघर ही नहीं संथाल परगना वासियों के लिए अच्छी खबर है। अब देवघर हवाई सेवा के जरिए महानगर से जुड़ने जा रहा है। जी हां, इसी साल मई के अंत तक और जून के पहले सप्ताह से देवघर एयरपोर्ट से मुंबई समेत बेंगलुरु और गुवाहाटी के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू हो जायेगी। यह जानकारी गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने दी है।
सांसद निशिकांत ने बताया कि मंत्रालय से इसके लिए सहमति मिल चुकी है और कंपनियां फ्लाइट सेवा शुरू करने की तैयारी पर विचार कर रही है। जल्द ही इसकी आधिकारिक सूचना भी जारी की जायेगी।
उन्होंने कहा कि तीनों शहरों के लिए विमान सेवा शुरू हो जाने पर देवघर की अर्थव्यवस्था में मजबूती आयेगी। सांसद ने बताया कि विमान सेवा शुरू होने से बाबा नगरी के व्यापारियों के लिए मुंबई से व्यापार करना भी आसान हो जायेगा। साथ ही कहा कि श्रावणी मेला पर देवघर की अर्थव्यवस्था टीकी है, लेकिन इन क्षेत्रों से विमान सेवा प्रारंभ होते ही अर्थव्यवस्था पर बारहों महीने बेहतर असर होगा, यहां के लोगों की समृद्धि लगातार बढ़ेगी। वहीं, पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा यहां के लोग जो बेंगलुरु के विभिन्न कंपनियों में कार्यरत हैं या वहां इलाज के लिए आना-जाना करते हैं, वे सीधे हवाई सेवा के जरिये आ-जा सकेंगे।