
Hazaribagh: जिले के विष्णुगढ प्रखंड के एक गांव में चिकन पॉक्स के सात मरीज मिले हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि जिला स्वास्थ्य विभाग ने की है। मामले की गहन जांच के लिए बुधवार को जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ कपिल मुनि प्रसाद की अगुवाई में जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमितों की जांच करने विष्णुगढ पहुंचेगी।

जिला सिविल सर्जन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक विष्णुगढ प्रखंड के हेठली बोदरा गांव के उपर टोला में चिकन पॉक्स के सात मरीजों की पहचान की गई है। इन मरीजों की सूचना प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अरुण कुमार सिंह को मिली। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य उप केंद्र के एएनएम पूजा कुमारी को हेठली बोदरा भेज कर मरीज की जांच करने का निर्देश दिया।

एएनएम ने जांचोपरांत मरीजों को चिकन पॉक्स से संक्रमित बताया। इसकी सूचना जिला आईडीएसपी कार्यालय को दी गई। सिविल सर्जन डॉ एसपी सिंह ने संक्रमित मरीजों की जांच के लिए जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ कपिल मुनि प्रसाद की अगुवाई में टीम गठित कर जांच रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया है।
एपिडेमियोलाजिस्ट डॉ जावेद ने बताया कि यह एक वायरल बीमारी है जो वैरिसेला जोस्टर नाम के वायरस के संक्रमण से होता है। चिकन पॉक्स अधिकांश छोटे बच्चों में होता है लेकिन यह किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकता है। इसमें शरीर पर छोटे-छोटे चकते हो जाते हैं। साथ ही बुखार व खांसी आदि भी हो जाता है।



