
Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने शनिवार को मुख्यमंत्री के उस बयान की कड़ी निंदा की जिसमें मुख्यमंत्री ने रामगढ़ उपचुनाव में प्रचार के दौरान कहा था कि लोगों को पैसा जमीन में गाड़ कर रखना चाहिए। दीपक प्रकाश ने इसे गैर जिम्मेदाराना एवं अवैध संपत्ति को बढ़ावा देने वाला बयान बताया।

उन्होंने कहा कि जिसके पास वैध कमाई होगी, वह क्यों पैसे को जमीन में छुपा कर रखेगा? बैंकों में राशि सुरक्षित भी है और ब्याज भी कमाती है। हेमंत सरकार ने राज्य को भ्रष्टाचार के गर्त में धकेल दिया है, जिस तरह से राज्य में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई हो रही है उससे मुख्यमंत्री का भय और सच्चाई जुबान पर फिर आ गया है। मुख्यमंत्री का बयान बैंकों का ही अपमान नहीं, बल्कि राष्ट्र का भी अपमान है। साथ ही कहा कि करेंसी राष्ट्रीय संपत्ति है।
मुख्य सचिव को पत्र लिखकर सोलर लाइट घोटाले की जांच की मांग

दीपक प्रकाश ने शनिवार को मुख्य सचिव सुखदेव सिंह को पत्र लिख कर लातेहार में डीएमएफटी फंड की राशि से सोलर लाइट की खरीद में की गयी गड़बड़ियों की जांच की मांग की। अखबारों में लाईट खरीद में करोड़ों रुपये के घपले से संबंधित खबरों के अलावा लातेहार में डीएमएफटी फंड के दूसरे कार्यों में दुरुपयोग संबंधी मामलों की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का भी आग्रह किया है।


