
Deoghar: देवघर नगर थाना अंतर्गत हिंदी विद्यापीठ में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर आशुतोष भारती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक का शव हिंदी विद्यापीठ के कम्प्यूटर कक्ष में फंदे से झूलता मिला है। वहीं, मृतक का हाथ पीछे से बंधा था।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही देवघर एसडीपीओ पवन कुमार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक का हाथ पीछे से बंधा होने पर आशंका जताई जा रही है कि मामला हत्या का है। हालाँकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मामला हत्या या आत्महत्या का है। पुलिस ने तमाम बिंदुओं पर गंभीरता से मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक आशुतोष भारती पिता रामप्रसाद भारती देवघर के रोहिणी का रहने वाला था। वो पिछले 15 सालों से हिंदी विद्यापीठ में कार्यरत था। मृतक अपने पीछे तीन संतान छोड़ गए हैं, जिसमें एक पुत्र और दो पुत्री है।



