
Ranchi: मुंबई से रांची आ रहे इंडिगो के विमान के शौचालय में सिगरेट पीते हुए (Smoking cigarette in toilet of Indigo flight coming from Mumbai to Ranchi) जमशेदपुर निवासी ऐश्वर्या राय नामक महिला को एयरपोर्ट थाना पुलिस ने जेल भेज दिया है। गुरुवार को विमान के रांची एयरपोर्ट पर लैंडिंग के उपरांत महिला को इंडिगो के कर्मियों द्वारा एयरपोर्ट थाना रांची को सुपुर्द किया गया था।

इंडिगो एयरलाइंस के प्रबंधक के आवेदन के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ एयरपोर्ट थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

जमशेदपुर निवासी आरोपी युवती मुंबई एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को धूल झोंककर माचिस और सिगरेट के साथ जहाज में सफर कर रही थी। ऐश्वर्या को इंडिगो के कर्मचारियों ने उसे उस समय पकड़ा जब वह फ्लाइट के बाथरूम में सिगरेट पी रही थी। सिगरेट की गंध मिलने के बाद इंडिगो की महिला कर्मचारियों ने ऐश्वर्या की तलाशी ली तो उसके पास से सिगरेट और माचिस की डिबिया बरामद की गई।
फ्लाइट ने जब रांची एयरपोर्ट पर लैंड किया तब इंडिगो कर्मियों ने सीआईएसफ को पूरे मामले की जानकारी दी। सीआईएसएफ ने ऐश्वर्या को पकड़ कर राँची के एयरपोर्ट थाने पुलिस को सौप दिया। ऐश्वर्या खुद को ब्लॉगर बताती है। उसने दावा किया है कि उसने शाहरुख खान की फिल्म पठान को लेकर एक ब्लॉग लिखा था। उसी सिलसिले में वह शाहरुख खान से मिलने के लिए मुंबई गई थी।


