
Deoghar: देवघर जिला प्रशासन द्वारा महाशिवरात्रि के दिन समूचे देवघर अनुमंडल में निषेधाज्ञा लगाना बिल्कुल अव्यवहारिक तथा अनुचित है। पूर्व मंत्री कृष्णानंद झा ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला प्रशासन के इस निर्णय को अनुचित बताया।

उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों से जानकारी मिली कि देवघर जिला प्रशासन ने इस वर्ष शिवरात्रि के दिन ही देवघर अनुमंडल में धारा 144 यानि निषेधाज्ञा लागू कर दिया है। इसे विवेकहीन निर्णय बताते हुए श्री झा ने आश्चर्य व दुख व्यक्त किया है। साथ ही कहा कि ऐसा निर्णय किसी भी व्यक्ति के सोच से परे है। आज तक के इतिहास में ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था देखने को नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि शिवरात्रि के दिन स्थानीय लोगों के अलावा अन्य राज्यों से भी लोग एक दो दिन पहले ही देवघर आते हैं व भगवान शिव की पूजा व दर्शन करने मंदिर जाते हैं। इस वजह से मंदिर के सभी मार्ग शिवभक्तों से भरे होते हैं। ऐसे में प्रशासन ने किस सोच और समझ से निषेधाज्ञा लागू करने का निर्णय लिया है। ये निर्णय सरासर गलत है। एक सवाल के जवाब में कहा कि शिव बारात को लेकर जहां तक रुट का सवाल है,प्रशासन उचित निर्णय ले। ये जिला प्रशासन का दायित्व है।
अंत मे पूर्व मंत्री श्री झा ने राज्य के मुख्यमंत्री से भी देवघर के इस परंपरागत व पौराणिक शिव बारात को लेकर ध्यान देने का अनुरोध किया है,ताकि देवघर की ये ऐतिहासिक शिव बारात निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हो जाय।



