
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना इलाके के खोरीपानन में एक मालवाहक ऑटो चालक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतक का नाम 20 वर्षीय संतोष कुमार यादव है जो खोरिपानन का रहने वाला है। उसका शव लेटे अवस्था में ऑटो में ही पाया गया। परिजनों ने हत्या कर शव को ऑटो में रखने का आरोप खोरीपनन के सनाबुल मियां पर लगाया है।

पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता बिमल महतो ने कहा है कि संतोष अपना मालवाहक ऑटो चलाने का कार्य करता था। 9 फरवरी को सुबह पार्टी का माल लाने देवघर गया था। माल अनलोड कर घर पर लौटकर आराम कर रहा था।

शाम के 6 बजे गांव के ही सनाबूल मियां घर पर आया और संतोष को ऑटो लेकर चलने को कहा। सनाबुल ने कहा की उसका ढलाई वाला मिक्सचर मशीन को घर पर पहुंचना है। संतोष ऑटो लेकर उसके साथ चला गया। 7.30 बजे के आसपास यूनिस मियां घर पर आया और कहा की संतोष ऑटो में बेहोश पड़ा है। दौड़ कर सभी परिजन सनाबुल के घर पर पहुंचे तो उसे ऑटो में बेहोश पड़ा देखा।
उसे काफी देर तक उठाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं उठा तो रात के 11 बजे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने कहा है कि सनाबुल मियां ने उसके बेटे की हत्या कर ऑटो में रख दिया था। इधर बयान लेने के बाद जसीडीह पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


