
Deoghar: बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालु और पुरोहित इन दिनों डर के साये में हैं। दरअसल, ये ख़ौफ़ एक बंदर का है। जो भटक कर बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंच गया है। इतना ही नहीं ये बन्दर लोगों को काट भी रहा है। जिससे लोग डरे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि बन्दर तपोवन पहाड़ से भटक कर शहर की ओर आया और वहां से बाजार और मंदिर पहुंच गया। मन्दिर प्रांगण में बन्दर ने उपद्रव मचा रखा है। कई लोगों को काट कर जख्मी कर चुका है। जख्मी होने वाले में पुरोहित और श्रद्धालु भी शामिल हैं।

लोगों ने बताया कि सबने मिलकर इसे कई बार भगाने की कोशिश की है। लेकिन बंदर है कि भागने का नाम ही नहीं ले रहा। लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। लेकिन वन विभाग की टीम भी इस उपद्रवी बंदर को पकड़ने में नाकाम रही और एक नहीं दो – दो बार यहां आकर फिर बैरंग लौट गई।
मन्दिर में लोगों ने कहा कि बंदर के आने से दिक्कत नहीं है, परेशानी इस बात से है कि बन्दर लोगों को काट रहा। मंदिर आने वालों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल होते हैं। ऐसे में अगर इसने किसी बच्चे पर हमला कर दिया तो और मुश्किल हो जाएगी। लोगों ने कहा कि वन विभाग को पुख्ता इंतजाम के साथ यहां आना चाहिए और बंदर को पकड़ कर ले जाना चाहिए।


