
Godda(Jharkhand): पुलिस ने ललमटिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में 31 दिसंबर की रात संदिग्ध रूप से हुए अमन कुमार (16) की मौत का मामला शुक्रवार को सुलझा लिया है। घटना के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक स्पेशल टास्क फोर्स गठित की गई थी, जिसमें महागामा थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह के साथ-साथ सहायक अवर निरीक्षक राजेंद्र यादव, गिरधर गोपाल, मुकेश उपाध्याय आदि शामिल थे।

टास्क फोर्स ने पूरे मामले की गहनता से तहकीकात करने के बाद यह पाया कि पूरा मामला शराब पीने एवं मारपीट से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि नवोदय विद्यालय के ही दो छात्रों ने मिलकर अमन कुमार को बुरी तरह पीटा था। अमन तकरीबन रात एक बजे शराब के नशे में हो हल्ला कर रहा था,जिसे मना करने दो अन्य छात्र गए। मना करने के बाद भी नहीं मानने पर छात्रों ने अमन की गंभीर रूप से पिटाई कर दी। बाद में अमन की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पोड़ैयाहाट थाना के माधुरी गांव के रहने वाले मृतक अमन के पिता सुभाष यादव ने इस संबंध में हत्या का मामला महागामा थाने में दर्ज कराया था।


