
Deoghar: झारखंड के देवघर जिला अंतर्गत देवीपुर में नौ मार्च 2019 को प्लास्टिक पार्क (plastic park) का शिलान्यास करने वाले गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे (MP Dr. Nishikant Dubey) अब इस पार्क के निर्माण को पूरा होता देख यहां की जनता को बधाई दे रहे और ख़ुशी जाहिर कर रहे कि संथाल के विकास की नई गाथा लिखने को ये पार्क तैयार हो चूका है। यह संताल परगना में बड़े प्लास्टिक हब के रूप में विकसित होगा जहां प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। जिसको लेकर डॉ. दुबे रविवार को प्लास्टिक पार्क पहुँच यहां का निरीक्षण किया।


प्लास्टिक पार्क के निर्माण का काम करीब-करीब पूरा हो चूका है। थोड़ी बहुत बची कमियों को तेज गति से दूर किया जा रहा है। जिसका जायजा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने लिया। मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए सांसद ने कहा कि प्लास्टिक पार्क केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजना है। पीएम मोदी पिछड़े क्षेत्रों में विकास और वहां के स्थानीय को रोजगार देना चाहते हैं। उसमें ये प्लास्टिक पार्क बड़ा कदम है। रघुवर दास के कार्यकाल में इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन मिली थी। जमीन अधिग्रहण को लेकर भी काफी मशक्कत हुई। इस प्लास्टिक पार्क में 84 एकड़ के आसपास लैंड है।

सांसद निशिकांत दुबे ने जानकारी दी कि निवेशकों को बिडिंग के जरिये आमंत्रित भी किया गया है। इनमें कुल 111 प्लॉट निवेशकों को यूनिट लगाने के लिए आवंटित किये जायेंगे। दिसंबर तक बिडिंग का काम पूरा हो जायेगा। ऐसी जानकारी मिल रही है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने प्रस्तावित दौरे के दौरान इसका उद्घाटन करने वाले हैं। साल 2019 में उन्होंने और विधायक नारायण दास ने इसका शिलान्यास किया था।

अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख लोग जुड़ेंगे: निशिकांत
उन्होंने बताया कि जरूरी बात ये है कि दिसंबर में जब इस पार्क का 111 यूनिट पूरा हो जायेगा तो प्लास्टिक से बनने वाली जितनी भी वस्तुएं हैं वो सब यहां बनकर तैयार होंगी। और कम से कम 10 हज़ार लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। जबकि अप्रत्यक्ष तौर पर करीब एक लाख लोग जुड़ेंगे। तो संथाल के विकास के लिए ये बड़ा महत्वपूर्ण साबित होने वाला है। जहां इतनी बड़ी संख्या में रोजगार प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लोगों को मिलने जा रहा है।
सांसद ने प्लास्टिक पार्क में बन रहे एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग, एक हजार एमटी का गोदाम, 150 एमटी का गोदाम, 100 बेड का लेबर हॉस्टल बिल्डिंग, फायर स्टेशन बिल्डिंग आदि का निरीक्षण किया।
ये है खासियत
प्लास्टिक पार्क में खासियत ये होगी कि यहां प्लास्टिक के खिलौने, टोकरी, टब, मच्छरदानी समेत तमाम प्लास्टिक से जुड़े दर्जनों प्रोडक्ट का उत्पादन होगा।



