
Deoghar/Jasidih: दो दिसंबर की रात रोहिणी पावर सब स्टेशन ग्रीड में विद्युत कर्मी को बंधक बना कर 42 लाख की बिजली संपत्ति की डकैती मामले में देवघर जिले की जसीडीह पुलिस सात आरोपितों को हिरासत मे लेकर पूछताछ करने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार बीते दो दिसम्बर की रात 30 से 35 अपराधियों ने पावर सब स्टेशन ग्रीड के पिछले हिस्से में लगे फेंसिंग तार को काटकर अंदर प्रवेश किय और बिजली कर्मी अविनाश कुमार व मुकेश कुमार को हथियार के बल पर बंधक बनाकर पांच एमभीए ट्रांसफार्मर को बिजली कटर मशीन से काटकर लगे उपकरण को खोलकर फरार हो गए। घटना को लेकर कनीय अभियंता प्रमोद कुमार सिन्हा के आवेदन पर थाना मे डकैती का मामला दर्ज कराया गया था। जिसके बाद जसीडीह पुलिस दर्ज मामले को लेकर छानबीन मे जुटी थी।

इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना मे धनबाद जिला के कई चोर इस गिरोह शामिल है। जिसमे सिन्दरी थाना क्षेत्र के डीबी 55 डोमगढ निवासी सौरभ मंडल और विजय शंकर, डीएल डोमगढ 116 निवासी नवीन कुमार, बलियापुर थाना के रांगामाटी निवासी गणेश रजक और वसीम अंसारी, सिन्दरी थाना के सन्नी पासवान, कतरास थाना के पप्पू अंसारी समेत अन्य अपराधी शामिल हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए जसीडीह पुलिस ने टीम गठित कर छापेमारी करने में जुटी थी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटना में उपयोग किया गया चार पहिया वाहन आरोपित गणेश कुमार के घर से बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार गणेश कुमार एसएसबी का निलंबित जवान बताया जा रहा है। वहीं विजय शंकर सिन्दरी का लोजपा नगर अध्यक्ष बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अब तक चोरी गई सामग्री को बरामद नहीं कर पायी है। पुलिस अन्य अपराधी की तलाश में लगातार छापेमारी करने में जुटी है।


