
Deoghar: द्वादश ज्योतिर्लिंग में से एक बाबा बैद्यनाथ के अनोखे भक्तों की फेहरिस्त लंबी है। कोई गंगा जल लेकर पैदल, तो कोई डाक कांवर, तो कई दंड प्रणाम करते हुए बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण करने बाबाधाम पहुँचते हैं। हर दिन कांवरिया पथ पर बाबा के अनोखे भक्त देखने को मिल जाते हैं। बीते 4 माह से महादेव के अजब अनोखे एक भक्त की चर्चा संपूर्ण कांवरिया पथ स्थित आस-पास के क्षेत्र में है।

इन दिनों बिच्छू बम के नाम से मशहूर उत्तर प्रदेश के बलिया जिला अंतर्गत रोसड़ा गांव निवासी महादेव भक्त अशोक गिरी उर्फ मनू सोनी के अनोखे संकल्प यात्रा को देख लोग आश्चर्यचकित हो रहे हैं। दरअसल, कांवरिया श्रद्धालु अशोक गिरी सावन पूर्णिमा को सुल्तानगंज से जल लेकर बाबाधाम के लिए निकला। वो भी हाथ के भरोसे उलटा चलकर बाबाधाम तक की यात्रा पूरी की है।

हाथों से उल्टा चलकर बाबाधाम जाने के दौरान ये एक सांस में तकरीबन 30 फीट चलते फिर कुछ सेकेंड रूककर दोबारा चलना शुरू करते है । एक दिन में आधा से पौने किलोमीटर की यात्रा वे पूरी कर लगातार आगे बढ़ते जा रहे और अब बाबा के द्वार पहुँचने के करीब हैं।
उनके इस अनोखे यात्रा को देखने के लिए आस-पास सहित कांवरिया पथ किनारे बसने वाले भक्तों की भीड़ जुटती दिखी।
रास्ते में बम ने बताया कि बाबा भोले के भक्त एक तरह से उनके श्रृंगार का हिस्सा भी हैं । कोई रेंगकर जाता है गले में लिपटे सर्प की तरह तो कोई पैदल जाता है रुद्राक्ष की तरह । कोई डाक बम एवं जयघोष करते जाते डमरू की तरह तो इस तरह अलग अलग श्रृंगार के रूप में भक्त चलते रहते हैं । जिसमें वे भोलेनाथ के श्रृंगार में कुंडल का स्थान पाने के लिए उल्टा चलकर बाबाधाम जा रहे हैं।


