Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बेलाबगान इलाके से टोटो चालक द्वारा मालिक को फर्जी आधार कार्ड थमाकर टोटो लेकर फरार हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। इसे लेकर टोटो मालिक बेलाबगान दुर्गावाड़ी निवासी पतंजली नारायण सिन्हा ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत की है।

उन्होंने कहा है कि वह किराये पर टोटो चलवाने का कार्य करता है। उसे एक टोटो चालक की जरूरत थी। कहा है कि जिसे टोटो भाड़े पर चलाने देते हैं उसका आधारकार्ड का फोटो कॉपी ले लिया जाता है। जान पहचान के एक चाय वाले ने उसे एक ड्राइवर से संपर्क कराया था। बुधवार को दिन के 11 बजे के आसपास एक लड़का आया और उसने टोटो भाड़े पर चलाने की बात कही। उसने उससे आधार कार्ड की मांग की तो लड़के से आधार कार्ड उसे दे दिया। उसके बाद उसे टोटो चलाने के लिये दे दिया गया।

लेकिन, गुरुवार तक वह चालक टोटो लेकर उसके पास नहीं पहुंचा। काफी खोजबीन भी किया लेकिन नहीं पता चला। उसके बाद उसने नेट पर उसका आधार कार्ड की जांच कराया जो फर्जी निकला। जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गयी है।
इधर, नगर थाना पुलिस आवेदन लेकर पड़ताल में जुट गयी है।



