
Madhupur (Deoghar): मधुपुर शहर के केला बागान स्थित शबनम विला के कमरे से मंगलवार की रात पुलिस ने सिंचाई विभाग के कनीय अभियंता (Junior Engineer) मामूल शेख का नग्न अवस्था में शव बरामद किया है। जिसके बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गयी। 28 वर्षीय मामूल शेख सिंचाई प्रमंडल सिकटिया कैम्प बुढ़ैई में कनीय अभियंता के पद पर कार्यरत थे।

बताया जाता है कि अभियंता द्वारा अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोलने पर विभाग के ही एक अन्य कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर इंचार्ज रामदयाल मुंडा सदल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़ा। पुलिस ने अंदर प्रवेश किया तो देखा कि मामूल शेख के मुंह से झाग निकल रहा है और अभियंता का शव नग्न हालत में जमीन पर पड़ा हुआ है। सूचना के बाद अभियंता की पत्नी, सास और साला मधुपुर पहुंचे।

मृतक की पत्नी ने बताया कि सोमवार की रात करीब 10 बजे तक उनकी अपने पति से बात हुई है। मंगलवार को विभाग का ही एक कर्मी ड्यूटी खत्म कर अपने मित्र कनीय अभियंता से मिलने केलाबागान स्थित कोठी पहुंचा था। कमरा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसे शक हुआ और तत्काल इसकी सूचना पुलिस और अभियंता की पत्नी को दी।
मृतक अभियंता मामूल शेख पाकुड़ जिला के महेशपुर थाना अंतर्गत शौकीन कागजपुर का रहने वाला था। बताया जाता है कि उसकी पत्नी गर्भवती है। 4 दिन पूर्व उसे ससुराल छोड़कर वह खुद आए थे।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जल्द मामले का खुलासा हो जायेगा।


