
Dumka: दुमका जिला में बुधवार को एक 15 साल की नाबालिग आदिवासी लड़की का शव काठीकुंड के बड़तल्ला गांव से बाहर पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया। लड़की की पहचान काठीकुंड थाना क्षेत्र के आमगाछी गांव की अंजनी सोरेन (15) के रूप में की गई है। वह शिकारीपाड़ा में रह रही थी और वहीं के एक स्कूल से 10वीं की पढ़ाई कर रही थी।

मृतका दुर्गा पूजा की छुट्टी के दौरान अपने चाचा के घर बड़तल्ला आई थी। जहां से वह शुक्रवार को वापस अपने घर के लिए निकली थी। तब से वह लापता थी।

काठीकुंड थाना प्रभारी श्यामल कुमार मंडल ने जानकारी दी कि मंगलवार शाम परिवार वालों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना थाने में दी थी। बुधवार सुबह उसका शव बरामद किया गया है। शव पूरी तरह से सड़ चुका है। काफी दुर्गंध आ रही है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि छात्रा की मौत तीन-चार दिन पहले ही हो गई थी। पुलिस ने शव को जंगल से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद लड़की की हत्या हुई है या आत्महत्या यह पता चल पाएगा।


