
Deoghar: देवघर में चोर-उचक्के बेख़ौफ हो गए हैं। सोमवार की रात भी चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। नगर थाना से कुछ ही मीटर की दूरी पर कोर्ट रोड स्थित मल्टीब्रांड इलेक्ट्रॉनिक शॉप कनिष्का इंटरप्राइजेज में चोरों ने हाथ साफ किया है। लाखों रुपये के मोबाइल, एलईडी, टैबलेट व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी हुई है।

बताया जा रहा कि हर रोज की तरह मंगलवार की सुबह जब स्टाफ ने शॉप खोला तो सामान बिखरा दिखा। चारों ओर देखने पर पता चला कि चोरी हुई है। चोर छत काटकर शॉप में घुसा था। इतना ही नहीं सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए चोर ने कैमरे का मुंह दूसरी ओर घुमा दिया, हालांकि उस दौरान चोर कैमरे के नजदीक आया और उसका चेहरा साफ दिख गया।

शॉप में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरे में साफ दिख रहा कि एक चोर पूरे आउटलेट में घूम-घूम कर सामान को देख रहा और सामान झोला में भर रहा। चोर छत पर भरा झोला पहुंचाता दिख रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि छत पर भी दूसरा-तीसरा चोर मौजूद था।
घटना को लेकर शॉप के प्रोपराइटर ने कहा कि दर्जनों मोबाइल, टैब, एलईडी व अन्य सामान की चोरी हुई है। स्टॉक मिलाया जा रहा है, तभी एक्चुअल अमाउंट की जानकारी मिल पाएगी।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस शॉप पर पहुंच छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है जल्द ही चोर गिरफ्त में होगा।













