
Ranchi: अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित सीताडीह के समीप सोमवार को आपसी रंजिश में एक युवक को हाथ-पैर बांधकर रेलवे ट्रैक पर छोड़ दिया गया। इससे ट्रेन आने से उसका पैर कट गया। युवक की पहचान कलाम अंसारी (42) के रूप में हुई है। वह सिकिदिरी थाना क्षेत्र के कुटे गांव का रहने वाला है। घायल युवक द्वारा शोर मचाने के बाद आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे। इस दौरान उधर से गुजर रहे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जैलेंद्र कुमार ने ग्रामीणों की मदद से उसे रिम्स भेज दिया।

घायल कलाम ने बताया कि उसे तीन लोग जबरन लेकर वहां पहुंचे थे। रेल की पटरी के पास गमछी से पैर बांधकर वहां छोड़कर भाग गये। उसने अपने ही गांव के कुछ व्यक्ति पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


