Deoghar: देवघर के बेटे हर्षवर्धन ने आल इंडिया पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप (All India Power Lifting Championship) में कांस्य पदक (Bronze Medal) जीतकर झारखंड व देवघर का मान बढ़ाया है। चैंपियनशिप का आयोजन नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन की ओर से शुक्रवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम (Indira Gandhi Indoor Stadium) में किया गया था।
हर्ष झारखंड की ओर से प्रतियोगिता में शामिल हुए थे। उसे अंडर-18 के 74 किलोग्राम भार में यह पदक मिला। हर्षवर्धन के पदक जीतने पर उनकी मां रौशनी झा और मामा चिराग ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उसका पद जीतना उनके लिए गौरव की बात है। आज हर्ष ने पुरे देवघर का मान बढ़ाया है।
माँ रौशनी ने कहा कि बेटे को गोल्ड नहीं जीत पाने का मलाल है। जानकारी दी कि कुछ दिनों पूर्व वह किडनी स्टोन बीमारी से ग्रसित था। बावजूद इसके अपनी लगन और मेहनत से उसने यह मकाम हासिल किया। हर्ष की इच्छा है कि वो गोल्ड मेडल जीते जिसके लिए वह लगातार अभ्यास में जुटा है।
इस प्रतियोगिता में झारखंड, बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश से बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हुए। प्रतियोगिता सब जूनियर, जुनियर, सीनियर, मास्टर क्लास के चार ग्रुप में 52,59, 66, 74, 83 किलोग्राम भार के लिए आयोजित की गयी . इसमें बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी शामिल हुए।