Deoghar: अगर आप देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) से दिल्ली या कोलकाता की हवाई उड़ान भरने को सोच रहे तो सबसे पहले भगवान से प्रार्थना कर लें कि आसमान में हल्का बादल भी न छाये, वरना आपकी उड़ान कैंसिल होना तय है। ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि वैसे यात्री का कहना है जो आये दिन देवघर एयरपोर्ट से उड़ान रद्द रहने का खामियाजा भुगत रहे हैं।
रविवार को भी ऐसा ही हुआ। जब देवघर एयरपोर्ट से अपनी उड़ान भरने लगेज के साथ पहुंचे दर्जनों यात्रियों के लिए अनोउंसमेंट किया गया कि खराब मौसम के कारन देवघर से कोलकाता और देवघर से दिल्ली की फ्लाइट रद्द की जा रही है। बेशक, यात्रियों का गुस्सा फुट पड़ा। लोगों ने एयरपोर्ट प्रबंधन पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। खास बात ये भी रही कि देवघर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे (Godda MP Nishikant Dubey) भी शामिल थे। जिनका आज दिल्ली पहुंचना बेहद जरूरी है, क्योंकि कल से नवरात्र की शुरुआत हो रही है। ऐसे में सांसद निशिकांत एयरपोर्ट से लौट दूसरे संसाधन से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
इधर, यात्रियों ने बताया कि ये कोई नई बात नहीं है कि देवघर से फ्लाइट रद्द हो गयी। अब जिस दिन फ्लाइट उड़ान भरती है ये बड़ी खबर है। यात्रियों में शामिल देवघर के जाने-माने बिल्डर संजीत सिंह ने जानकारी दी कि उन्हें चिकित्सक से मिलने दिल्ली जाना था। लेकिन फ्लाइट कैंसिल हो गयी। अब अचानक दूसरा संसाधन कहां से लाया जाये। उन्होंने बताया कि पहले भी दो तीन बार उनके साथ ऐसा हो चूका है। अब बार-बार धोखा मिलने पर देवघर एयरपोर्ट से आने-जाने के लिए टिकट लेने से पहले सोचना होगा। अगर फ्लाइट रद्द होने का सिलसिला ऐसे ही जारी रहा तो मुश्किल है कि देवघर एयरपोर्ट अपनी सफलता पा सकेगा। ऐसे में इस ओर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।