
Ranchi/Godda: बुधवार की अहले सुबह महगामा विधायक दीपिका पांडे सिंह ने जल सत्याग्रह शुरू कर दिया है। दरअसल मरहमा से पिरपैंती जाने वाली एनएच 133 की स्थिति बहुत ही ज्यादा खराब है। गंगा नदी का पानी बरसात में सड़क पर आ गया है। सड़क में बड़े-बड़े गढ्ढे हैं। उसी एक गढ्ढे में विधायक दिपिका पांडे सिंह ने जल सत्याग्रह शुरू कर दी है। यहां के सांसद निशिकांत दुबे हैं। विधायक दीपिका पांडे का कहना है कि जबतक इस सड़क पर मरम्मती का काम शुरू नहीं हो जाता है, वह पानी में ही रहेंगीं। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मती का जिम्मा केंद्र सरकार का है। एनएच को सड़क बनाना है, लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से इस मामले में दिलचस्पी नहीं दिखायी जा रही है।

विधायक ने मीडिया से बात करते हुए सांसद निशिकांत दुबे को निशाने पर लिया और कहा कि इस सड़क की मरम्मती का काम यहां के सांसद निशिकांत दुबे को कराना चाहिए था। लेकिन उनसे उम्मीद करना बेवकूफी है। उन्होंने कहा कि मामला राज्य सरकार का नहीं है। फिर भी वो सीएम हेमंत सोरन से गुजारिश करती हैं कि वो इस मामले में संज्ञान लें और सड़क मरम्मती का रास्ता निकाले।
विधायक ने फेसबुक पर किया पोस्ट

महगामा विधायक दीपिका पांडे सिंह ने सुबह-सुबह फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा कि “आज यह मजबूरी है कि जनप्रतिनिधियों को खुद सड़क पर उतरना पड़ रहा है, यह भी गंगा जल है जो नदी नहीं सड़क पर है। यह मांग सड़क से शुरू हुई है और मैं सदन तक का इंतज़ार नहीं करूंगी, आज से अनिश्चित समय तक मैं यही रहूंगी जब तक काम शुरू नहीं होता। मुझे जनता ने भरोसे से प्रतिनिधि चुना है जुमले की बात करने के लिए नहीं, जमीनी हकीकत की बात और काम करने के लिए। विधायक दीपिका ने आगे कहा कि सरकार की छवि को खराब करने की मंशा मेरी नहीं लेकिन इसके सिवा कोई दूसरा रास्ता भी नहीं। कोई भी व्यक्ति ऐसी परिस्थिति में जनता के हाल को अगर खुद पर अमल करके देखे तो सच समझ में आएगा।”
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने दिया दीपिका को जवाब
जिस तरीके से अपनी बात दीपिका पांडे सिंह ने फेसबुक पर रखी उसी तरीके से गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने दीपिका पांडे सिंह को जवाब देते हुए फेसबुक पर ही अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि “महगामा की कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के ख़िलाफ़ धरने पर बैठीं हैं, नेशनल हाइवे स्टेट पथ का निर्माण विभाग रख रखाव करता है। केन्द्र सरकार ने छह माह पूर्व ही 75 करोड़ की राशि इस सड़क की मरम्मती के लिए दे दी है। राज्य सरकार का पथ निर्माण विभाग जिसके मंत्री हेमंत सोरेन जी हैं की लापरवाही या कमीशन खोरी के कारण सड़क की मरम्मती नहीं हो पा रही है। सांसद ने आगे कहा है कि इसके पहले भी कांग्रेस की ओर से महगामा- दिग्घी पथ पर धान रोपी जा चुकी है,मैंने उस दिन भी कहा था कि यह राज्य सरकार का रोड है,कल ही इस पथ का शिलान्यास मुख्यमंत्री जी ने किया,विधायक जी साथ थीं”


