
Deoghar: जहरीला पदार्थ खाने से एक 16 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। मृतका का नाम आसमा खातून है। वह दुमका (Dumka) जिला के जरमुंडी थाना क्षेत्र के अमरपानी की रहने वाली थी।

पुलिस को दिए बयान में मृतका के चचेरे चाचा सुल्तान अंसारी ने कहा है कि मृतका के पिता आयुम अंसारी बाहर रहकर काम करता है। उसकी मां बीमार रहती है। कहा है मृतका का दिमाग पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं था। कुछ दिनों से हमेशा चुप चाप और गुमसुम रहा करती थी। 19 सितंबर को वह घर से बाहर था। अचानक घर से फोन आया कि आसमा अजीब सी हरकत कर रही है। सुनते ही वह घर पहुंचा और उससे पूछा कि क्या हुआ है तो बताया कि वह जहरीला दवा खा ली है।

आनन फानन में वाहन रिजर्व कर उसे इलाज के सदर अस्पताल देवघर लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर सदर अस्पताल स्थित बैधनाथधाम ओपी प्रभारी विनोद सिंह अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


