
Deoghar: संताल परगना चेम्बर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्रीज, देवघर (Santal Pargana Chamber of Commerce and Industries, Deoghar) के अध्यक्ष आलोक मल्लिक और महासचिव प्रमोद छावछरिया के नेतृत्व में आज चैम्बर के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सुभाष चन्द्र जाट (SP Subhash Chandra Jat) के साथ बैठक कर शहर में लगातार हो रहे चोरी छिनतई की घटनाओं, खुलेआम अवैध शराब और नशा की बिक्री तथा अनियंत्रित ट्रैफिक व्यवस्था पर अंकुश लगाने की मांग की तथा कई सुझाव भी बताए। बैठक में इन घटनाओं तथा उसके नियंत्रण पर चर्चा की गई।

विधि व्यवस्था से संबंधित छोटी मोटी चोरी और छिनतई की घटनाओं में वृद्धि को रोकने के लिए चैम्बर ने बाजार तथा प्रभवित क्षेत्रों में बाइक पुलिस पेट्रोलिंग की जरूरत पर जोर दिया। इन घटनाओं में पुलिस द्वारा चिन्हित अपराधियों और क्षेत्र विशेष के लोगों के लिए उनके बेहतर पुनर्वास की आवश्यकता तथा असामाजिक कृत्यों की ओर भटकाव से बचने के लिए काउन्सलिंग की जरूरत बताई गई। इसके साथ ही अवैध अतिक्रमणों और भीड़-भा़ड़ वाले स्थानों पर विशेष चौकसी की जरूरत बताई गई और एसपी को कई स्थान चिन्हित कराए गए जहाँ विशेष निगरानी की जरूरत है। बाइक पेट्रोलिंग के मामले में एसपी ने बताया कि इसकी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है तथापि उपलब्ध संसाधनों से पेट्रोलिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ परिवर्तन दिखा होगा, आगे और अंकुश देखने को मिलेगा। जहां तक उनके पुनर्वास आदि की बात है, उसके लिए जिला प्रशासन और नगर निगम को आगे आना होगा। चैम्बर और नागरिकों को भी आगे आना होगा और इनफार्मेशन शेयर करना पड़ेगा।

खुलेआम अवैध दारू-शराब और गांजा आदि की बिक्री पर रोकथाम के लिए चैम्बर ने आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। चैम्बर ने कहा कि सर्राफ स्कूल, पशुपालन आफिस, इंपीरियल हाइट के आसपास, एक्सिस बैंक जेैसे स्थानों पर दिनदहाड़े और ओट में अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने की जरूरत है। यह देवनगरी के सम्मान पर चोट पहुंचाती है। एसपी ने कहा कि कठोर कदम पर अवैध शराब बिक्री रोकने के लिए सख्त कार्रवाई किए जाएंगे। इसके अलावे गांजा आदि विभिन्न नशेबाजी पर अंकुश के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर चाय-पान की दुकान के गुमटी के साथ स्थापित झोपड़ियों को हटाने की आवश्यकता बताई गई। ऐसा देखा गया है कि इन झोपड़ियों की आड़ में ही अक्सर लोग छिपकर नशा करते हैं। एसपी ने कहा कि पेट्रोलिंग में इस पर ध्यान दिया जाएगा लेकिन झोपड़ियों को हटाने का काम निगम का है।
इन दिनों टावर चौक के आसपास मुख्य सड़कों के किनारे शराब की दुकानों के बाहर बाहरी लोगों द्वारा शराब पीने की बात सामने आ रही है। बॉर्डर इलाका होने के कारण बाहरी लोग अक्सर शराब लेकर वहीं सेवन भी करने लगते हैं और बाजार में असहज स्थिति उत्पन्न होती है। सभ्य समाज में आम जनों विशेषकर महिलाओं बच्चों के लिए यह बहुत असहज स्थिति पैदा होती है और बाजार की दुकानदारी भी प्रभावित होती है। देखा जा रहा है कि शराब दुकानों के बाहर फुटपाथ पर चखने बेचने वाले ठेला भी लग जाते हैं और वहां भीड़ लगी रहती है जिससे ट्रैफिक भी प्रभावित होता है और शराब सेवन भी देखने को मिलता है। ऐसे स्थानों पर ठेला लगाना प्रतिबंधित किया जाय। चैम्बर ने शरसब दुकानों के बशर तथा खुले स्थानों पर शराब सेवन के घटनाक्रम को सख्ती से शहर के मुख्य स्थानों पर प्रतिबंधित करने की जरूरत बताई है। पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता के साथ इस पर गौर करने का आश्वासन दिया है।
अव्यवस्थित ट्रेफिक और आए दिन शहर में जाम की स्थिति में सुधार के लिए चैम्बर ने सलाह दिया है कि टोटो के लिए चिन्हित पार्किंग, टोटो चालकोें को परिचालन के लिए ट्रैफिक पुलिस, निगम अथवा परिवहन कार्यालय से वैध कार्ड निर्गत करना चाहिए।
बजरंगी चौक से नगर थाना तक वन वे ट्रेफिक रूट बनाना चाहिए तथा बड़ी गाड़ियों का ट्रेफिक प्लान निर्धारित करना चाहिए। सावन की तरह सालोंभर बड़ी गाड़ियों का वनवे परिचालन होना चाहिए। गाड़ियां शहीद आश्रम रोड की तरफ से बस स्टैंड आए और मंदिर मोड़, झौसागढ़ी की ओर से जाए। बस स्टैंड के बाहर से गौशाला तक गाड़ियां रास्ते में खड़ी करने से प्रतिबंधित होना चाहिए। बजरंगी चौक, टावर चौक, सत्संग चौक की ओर किसी भी समय भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहना चाहिए। इन निर्देशों के लिए पर्याप्त सायनेज लगाए जायं। एसपी ने गंभीरता के साथ इनके अनुपालन का आश्वासन दिया।
चैम्बर ने एक और मुख्य समस्या पर एसपी का ध्यान आकर्षित करते हुए चेकिंग अभियान मुख्य चौराहों से हटकर अपेक्षाकृत कम भीड़ वाली जगहों और शहर की ओर घुसने वाले मार्गों पर करने की सलाह दी। चेकिंग में पुलिस को नागरिकों के साथ अच्छे और व्यावहारिक नजरिये से पेश आने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावे जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में पुलिस ओपी बनाने की पुरानी मांग पर भी उनका ध्यान आकर्षित किया गया। उन्होंने इसपर गौर करने और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने भी जसीडीह औद्योगिक क्षेत्र में ओपी की जरूरत को आवश्यक बताया।
चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष आलोक मल्लिक, महासचिव प्रमोद छावछरिया, उपाध्यक्ष पीयूष जायसवाल, कोषाध्यक्ष दीपक सराइयाँ, संयुक्त सचिव आनंद साह, बिल्डर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीत कुमार सिंह, चैम्बर कार्यकारिणी सदस्य गुड्डू बंका, प्रिंस सिंघल, सदस्य शशि शर्मा, सर्वेश मोदी, अमित छावछारिया, नीलेश कोठारी, पीयूष छावछारिया, राजू चौधरी आदि शामिल थे।


