
Godda: झारखंड में इन दिनों दिन युवतियों, नाबालिगों और महिलाओं के साथ दुष्कर्म, हत्या व छेड़खानी की घटनाएं सामने आ रही हैं। पहले दुमका और अब संथाल परगना के गोड्डा में ऐसा ही मामला प्रकाश में आया है। जहां एक आदिवासी युवती के साथ न सिर्फ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया बल्कि दवा खिला कर गर्भपात भी कराने की कोशिश की गयी। अब हालत ये है कि युवती की जान पर बन आई है।

गोड्डा के 19 वर्षीय आदिवासी युवती के साथ अकरम नामक युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित युवती की माने तो जब उसकी उम्र 12 से 15 साल की थी उसी वक़्त से अकरम उसका पीछा किया करता था। इस वर्ष अप्रैल के महीने में अकरम ने उस वक्त युवती से जबरदस्ती संबंध बनाया जब युवती अपने घर में अकेली थी। इस घटना को घर में बताने से डर सहम रही युवती के इसी बात का फायदा अकरम उठाते चला गया। कुछ दिनों बाद जब युवती को पता चला कि वो गर्भवती हो गयी तो उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। मगर इस बीच अकरम युवती को गर्भपात की दवा खिला चूका था।
गर्भाशय में ही मर गया भ्रूण

बताया जा रहा कि युवती अपने घरवालों को बात बताती, इससे पहले अकरम ने धोखे से युवती को गर्भपात की दवा खिला दी। दो माह के गर्भ का गर्भपात तो नहीं हुआ लेकिन भ्रूण गर्भाशय में ही मर गया। परिजनों द्वारा इसकी सूचना मुफ्फसिल थाने को दी गयी। जिसके बाद लड़की का सदर अस्पताल में मेडिकल टेस्ट करवाया गया जहां डॉक्टर प्रभा रानी प्रसाद द्वारा ऑपरेशन कर मृत भ्रूण को बाहर निकाला जा सका।
DNA टेस्ट के लिए भेजा जायेगा मरा हुआ भ्रूण
सदर अस्पताल की डॉक्टर प्रभा रानी ने बताया कि एक रेप पीड़ित महिला मेडिकल के लिए आई हुई थी।जिसके बाद पाया गया कि वो गर्भ धारण कर चुकी हैं।जिसके बाद अल्ट्रासाउंड कराया गया तो पता चला कि गर्भ में 2 महीने का गर्भ मर चुका हैं। उन्होंने बताया कि लड़की के मुताबिक लड़के द्वारा दवाई खिलाई गई थी जिस वजह से ये हुआ है। मरे हुए भ्रूण को evacuated कर बाहर किया गया हैं और उसे DNA टेस्ट के लिए भी भेजा जाएगा।
डरी हुई है युवती
इधर, ऑपरेशन के बाद लड़की सहमी हुई है। वो कहती है सबकुछ उजड़ चुका है। नौकरी खत्म हो गई,पढ़ाई बन्द हो गई और अब तो घर में रहने से भी डर लगता हैं क्योंकि आरोपी और उसके घर में कुछ ही दूरी का फासला है तो डर लग रहा कि कहीं कुछ गलत ना हो जाए।
एमपी निशिकांत ने किया ट्वीट
इधर, सांसद निशिकांत दुबे ने भी इस पुरे मामले पर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है “आज मेरे गोड्डा में भी grooming gang का कारनामा सामने आया अकरम ने आदिवासी बहन के साथ किया अत्याचार।पहले बलात्कार फिर गर्भवती होने के बाद धर्म परिवर्तन करने पर जोर दिया मना किया तो गर्भपात करने की दवा खिला कर बच्चे को मार दिया।पीड़ित की जान को खतरा है।थक गया हूँ,क्या करूँ?”
पुलिस कर रही जाँच
इस पूरे मामले पर पुलिस कप्तान नाथू सिंह मीणा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए लड़के को उसी दिन न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। डीएनए टेस्ट के लिए भी सैंपल भेजा जा रहा है आरोपी युवक को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी



