
Deoghar: देवों की नगरी देवघर जहां बाबा बैद्यनाथ (Baba Baidyanath) खुद विराजमान हैं। ऐसे में यहां देश-विदेश से लोग बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए पहुँचते हैं। पहले लोग सड़क और रेल मार्ग के जरिये बाबा बैद्यनाथधाम पहुँचते थे। लेकिन, 12 जुलाई 2022 को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के हाथों मिले देवघर एयरपोर्ट के सौगात के बाद देवघर पहुँचने के लिए श्रद्धालुओं को एक और जरिया मिला, वो जरिया है हवाई मार्ग का।

इन दिनों देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) की देश में काफी चर्चा है। पहले सांसद निशिकांत दुबे (MP Nishikant Dubey) के यहां से उड़ान भरने के मामले को लेकर और अब लगातार मौसम की बेरूखी के कारण। 654 एकड़ में फैले देवघर एयरपोर्ट को यूँ तो इंटरनेशनल एयरपोर्ट (International Airport) के रूप में विकसित किया गया है। यहां से दो सीधी उड़ान की शुरुआत भी की गई है। इंडिगो (Indigo) की पहली फ्लाइट देवघर से कोलकाता और दूसरी देवघर से दिल्ली के लिए। लेकिन इन दिनों फ्लाइट देवघर में लैंड किये बिना वापस लौट जा रही है।

देवघर एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने की वजह से फ्लाइट लैंडिंग परमिशन नहीं मिलने पर मंगलवार को दिल्ली से देवघर और कोलकाता से देवघर दोनों फ्लाइट कैंसिल कर दी गयी। आये दिन बगैर लैंडिंग फ्लाइट के वापस लौट जाने या कैंसिल होने से अब यहां हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों में गुस्सा साफ़ जाहिर हो रहा है।
लोगों का कहना हैं कि एक तो दो जगह के लिए हवाई सेवा शुरू हुई है। उसमें भी बार-बार फ्लाइट कैंसिल या बिना लैंड किये लौट जा रही है। ऐसे में कैसे देवघर आने या देवघर से जाने के लिए टिकट बुक करें। लो विजिबिलिटी और नाइट लैंडिंग की सुविधा न होने के कारण आये दिन फ्लाइट नहीं आ रही। लोगों ने मांग की है कि देवघर एयरपोर्ट को अगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के रूप में विकसित किया गया है तो यहां सुविधाएँ भी इंटरनेशनल जैसी मिले। वरना, वो दिन दूर नहीं जब इस एयरपोर्ट से हमारा भरोसा टूट जायेगा।


