
Deoghar: देवघर के सिविल लाइंस इलाके में फंदे से लटकती मिली युवती के लाश मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जिले के पुलिस कप्तान सुभाष चन्द्र जाट ने इसे पहली नज़र में खुदकुशी का मामला करार दिया है। हालांकि, एसपी ने साफ किया है कि, मामले की तहकीकात और पूछताछ जारी है।ऐसे में अभी किसी भी नतीज़े तक पहुंचना जल्दबाजी होगी।

आपको बता दें कि, शहर के नंदन पहाड़ इलाके के सिविल लाइंस मोहल्ले में शाम के वक्त एक लड़की के फांसी से लटके होने की खबर मिली थी। लड़की के भाई के मुताबिक, वह बिहार के बांका जिले के चांदन स्थित झिंगझाल का रहने वाला है और फिलहाल अपनी बहन के साथ बेलाबगान इलाके में रहता है। वहीं, निरंजन नामक लड़के से मृतिका की दोस्ती थी। लड़की के भाई का आरोप है कि, आरोपी युवक लगातार उसकी बहन पर शादी का दवाब बना रहा था जिससे लड़की इनकार कर रही थी। शाम के वक्त निरंजन ने लड़की को अपने घर बुलाया और उसकी हत्या कर फंदे से लटका कर मौके से फरार हो गया।


बहरहाल, मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


